शिक्षक एमएलसी चुनाव: ध्रुव त्रिपाठी के समर्थन में शिक्षकों से संवाद करेंगे सीएम योगी

गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी है। पार्टी प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के पक्ष में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह 11 बजे शिक्षकों से संवाद करेंगे। इसके लिए 17 जिलों से 12 हजार से अधिक शिक्षकों को बुलाया गया है। भाजपा पदाधिकारियों के साथ माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के लोग भी तैयारियों में जुटे हैं।

शिक्षक एमएलसी चुनाव को अब तक शिक्षकों का अपना चुनाव माना जाता था, जिसमें दलों की सीधी दखल कम रहती थी। इस बार मुकाबला सीधे राजनीतिक दलों के बीच है। बताया जा रहा है कि यह पहला मौका है, जब कोई मुख्यमंत्री इस चुनाव में किसी प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगे।

भाजपा से टिकट मांग रहे डा. संजयन त्रिपाठी के सपा में जाने और वहां से प्रत्याशी बनने के बाद मुकाबला कड़ा हो गया है। इसके बाद भाजपा ने रफ्तार बढ़ाई और ध्रुव त्रिपाठी की नामांकन सभा में सांसद, विधायक और मंत्रियों की मौजूदगी से एकजुटता का संदेश दिया। निर्दलीय पर्चा भरने वाले शिक्षक नेता देशबंधु शुक्ला को मनाने क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय खुद उनके घर पहुंचे, जिसके बाद शुक्ला भी ध्रुव त्रिपाठी के प्रचार में लग गए हैं।

पार्टी के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल मानी जा रही है। करीब तीन महीने बाद विधानसभा चुनाव की घोषणा होनी है, ऐसे में नतीजा उलट आने पर राजनीतिक संदेश अच्छा नहीं जाएगा। इसी कारण सीएम ने खुद कमान संभाली है। कार्यक्रम की सफलता के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक भी हो चुकी है।