गोरखपुर: रोटावेटर में फंसकर 50 वर्षीय मजदूर की मौत, शव लेकर भाग रहा ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार

गोरखपुर। संतकबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र में रविवार रात खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आने से 50 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक परिजनों को सूचना देने के बजाय शव को रोटावेटर में फंसा छोड़कर ट्रैक्टर सहित भागने लगा। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जुताई के दौरान बिगड़ा संतुलन

मृतक की पहचान मेहदावल थाना क्षेत्र के घुरापाली गांव निवासी पूर्णमासी कन्नौजिया (50) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार रात वह गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में जुताई कराने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि खेत की ठीक से जुताई नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान वह रोटावेटर पर बैठ गए। ट्रैक्टर के झटके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह मशीन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव लेकर भागने लगा चालक

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गिरीश चंद निषाद (45) पर आरोप है कि उसने मृतक के परिवार को सूचना देने के बजाय शव समेत ट्रैक्टर लेकर वहां से निकलने की कोशिश की। इस घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सहजनवां पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

सूचना मिलते ही सहजनवां पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने भक्सा-माड़र सीवान स्थित मदरहा रेगुलेटर के पास ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद शव को रोटावेटर से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक और आरोपी चालक दोनों संतकबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र स्थित घुरापाली गांव के निवासी हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: दैनिक गोरखपुर